लाला जगदीश प्रसाद विद्या मंदिर अब सीबीएसई बोर्ड से देगा नई उड़ान, बच्चों को मिलेंगे आधुनिक शिक्षा के नए आयाम
मुजफ्फरनगर। जानसठ रोड स्थित शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान लाला जगदीश प्रसाद विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा और अहम कदम उठाते हुए अब सीबीएसई बोर्ड से जुड़कर नई दिशा में आगे बढ़ने का निर्णय लिया है। यह बदलाव अभिभावकों की लगातार मांग और बदलते समय की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किया गया है। स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. अखिलेश कुमार शर्मा ने प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि अब तक विद्यालय हिंदी माध्यम में संचालित हो रहा था, लेकिन वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग और अभिभावकों की अपेक्षाओं को देखते हुए इसे सीबीएसई पैटर्न में परिवर्तित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव बच्चों के उज्जवल भविष्य और आधुनिक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। खास बात यह है कि जनपद में यह इकलौता स्कूल है जहां 10 मीटर रेंज शूटिंग की सुविधा दी जाती है, जिसमें विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतकर स्कूल और जिले का नाम रोशन किया है। इसके अलावा विद्यालय में आधुनिक रोबोटिक लैब स्थापित है, जहां बच्चे तकनीकी शिक्षा के तहत रोबोट बनाना सीखते हैं। वहीं लैंग्वेज लैब के माध्यम से छात्रों को फ्रेंच और अंग्रेजी भाषा बोलने का प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे उनकी वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता बढ़ती है। विद्यालय में विज्ञान, गणित और सामाजिक विज्ञान की प्रयोगशालाएं भी मौजूद हैं, जहां छात्र प्रायोगिक तरीके से सीखकर अपने ज्ञान को और मजबूत बनाते हैं। प्रधानाचार्य डॉ. शर्मा ने स्पष्ट रूप से कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल कमाई करना नहीं, बल्कि बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को पहचान कर उसे निखारना और उन्हें एक सशक्त मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें। उन्होंने कहा कि लाला जगदीश प्रसाद विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल का सीबीएसई से जुड़ना न सिर्फ शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाएगा, बल्कि जिले के छात्रों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान भी दिलाएगा।
