उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रथम चरण के उद्घाटन समारोह में संबोधित करते हुए इसे ‘नए उत्तर प्रदेश की नई पहचान’ बताया। उन्होंने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।  मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनवमी के अवसर पर जहां देशभर में उत्साह का माहौल है, वहीं वैश्विक स्तर पर अस्थिरता और संकट की स्थिति बनी हुई है। पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें दुनिया में बढ़ रही हैं, लेकिन प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत में आपूर्ति सुचारु है और कीमतें नियंत्रित हैं।

सीएम ने विपक्ष पर साधा निशाना 
सीएम योगी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के शासनकाल में उत्तर प्रदेश विकास में बाधा बना हुआ था, लेकिन ‘डबल इंजन सरकार’ के बाद राज्य ने तेज गति से विकास किया है और अब ‘बॉटल नेक से ब्रेकथ्रू’ की ओर बढ़ रहा है। योगी ने बताया कि इस एयरपोर्ट के निर्माण में ज़्यूरिख़ इंटरनेशनल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने लगभग 13,000 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने वाले किसानों का विशेष आभार जताया और कहा कि संवाद, मुआवजा और पुनर्वास की प्रभावी नीति से यह संभव हो सका।

‘यह परियोजना राज्य की आर्थिक क्षमता को नई ऊंचाई देगी’
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह एयरपोर्ट ‘सीमलेस, स्मार्ट और सस्टेनेबल’ अवधारणा पर आधारित है, जिसमें एविएशन फ्यूल फार्म, इन-फ्लाइट किचन, एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहाल) और डिजिटल सुविधाओं का समावेश है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डेडिकेटेड मल्टी-मॉडल कार्गो हब बनने से उत्तर प्रदेश ‘लैंड लॉक्ड’ स्थिति से बाहर निकलकर वैश्विक बाजारों से सीधे जुड़ सकेगा। यह परियोजना राज्य की आर्थिक क्षमता को नई ऊंचाई देगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे, प्रस्तावित दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे और प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल नेटवर्क से जुड़कर यह एयरपोर्ट प्रदेश को स्केल और स्पीड के साथ विकास की नई ऊंचाई तक ले जाएगा।

‘यह यूपी के ‘उज्ज्वल भविष्य का लॉन्च पैड’ बनेगा’
सीएम ने कहा, इस परियोजना से लाखों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। साथ ही, नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने हाल ही में एयरपोर्ट के पास स्थापित की जा रही सेमीकंडक्टर यूनिट और इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर का भी उल्लेख किया, जिसे प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत संकल्प, अडिग साहस और अटल आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य दूर नहीं होता। नोएडा एयरपोर्ट इसी संकल्प का परिणाम है और यह उत्तर प्रदेश के ‘उज्ज्वल भविष्य का लॉन्च पैड’ बनेगा, जो निवेश, व्यापार और रोजगार के नए द्वार खोलेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights