आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन को पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों के लिए कड़ी चेतावनी बताते हुए कहा कि मोदी ने भारत के नए सिद्धांत को आकार दिया है। नायडू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिर्फ भाषण नहीं दिया, उन्होंने भारत के नए सिद्धांत को आकार दिया। उनका संबोधन पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों को कड़ी चेतावनी और दुनिया को देश की ताकत के बारे में स्पष्ट संदेश है।’’

मुख्यमंत्री के अनुसार, भारत को आज अपनी प्राचीन आध्यात्मिक विरासत और अत्याधुनिक क्षमताओं के कारण वैश्विक सम्मान प्राप्त है।

उन्होंने सोमवार को कहा, ‘‘ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान हमने सीमा पार सरकार प्रायोजित आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले प्रमुख बुनियादी ढांचे को नष्ट करने के लिए स्वदेशी रूप से विकसित ड्रोन और हथियारों का सफलतापूर्वक इस्तेमाल किया।’’

नायडू ने कहा, ‘‘भारत में निर्मित हमारी रक्षा प्रौद्योगिकी ने हमारे राष्ट्र की रक्षा के लिए आधुनिक दौर के युद्ध को लेकर हमारी तत्परता को दर्शाया है, जिससे प्रत्येक भारतीय को गर्व महसूस हो रहा है।’’

केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के एक प्रमुख सहयोगी दल तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के सुप्रीमो ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश दृढ़ता के साथ खड़ा है, उसके इरादे शांतिपूर्ण, ताकत मजबूत और उद्देश्य अडिग है।

नायडू ने कहा कि भारतीय होने के नाते हम एकजुट रहेंगे और हमेशा राष्ट्र को सर्वोपरि रखेंगे।

नायडू का समर्थन करते हुए उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने मोदी के भाषण की प्रशंसा की और इसे एक शक्तिशाली संदेश बताया।

उन्होंने कहा, ‘‘वाह! प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर पूरे भारत और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को कितना शक्तिशाली संदेश दिया है।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights