-------------------

देहरादून, 30 मई । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी की मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी टीम को सरकार और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बताते हुए मिशन-2027 में जीत की हैट्रिक सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।

अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास के अंतिम दिन शनिवार को देहरादून के बीजापुर सेफ हाउस में आयोजित बैठक में भाजपा अध्यक्ष ने प्रदेश की मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी टीम के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने संगठन और सरकार की उपलब्धियों के प्रभावी प्रस्तुतीकरण पर जोर देते हुए विपक्ष के नकारात्मक एजेंडे का तथ्यात्मक और सकारात्मक तरीके से जवाब देने को कहा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े अनेक कार्य जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संगठन और विशेष रूप से मीडिया टीम की है।

नितिन नवीन ने कहा कि विपक्ष लगातार झूठ, भ्रम और अफवाह फैलाकर मीडिया का दुरुपयोग करने का प्रयास करता है, लेकिन पार्टी को सकारात्मकता और प्रभावी संवाद के माध्यम से उसका जवाब देना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि सत्य और विकास के मुद्दों के सामने विपक्ष की राजनीति टिक नहीं पाएगी। बिहार, बंगाल, असम और पुडुचेरी के उदाहरणों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक दिलाने में मीडिया और सोशल मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया और सोशल मीडिया सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया की कार्यक्षमता और प्रदर्शन चुनावी सफलता के अंतर को तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं। इसलिए सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को समन्वय के साथ काम करना होगा, ताकि 2027 में जीत की हैट्रिक नए रिकॉर्ड के साथ दर्ज हो सके।

इस मौके पर प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights