नैशनल कॉन्फ्रैंस (नैकां) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने पाकिस्तान में एक मस्जिद के अंदर हुई विस्फोट की घटना पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि यह घटना यह दिखाती है कि ”लोग दोजख की आग की ओर ले जाने वाले रास्ते पर चल रहे हैं।” अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के पंपोर कस्बे में पत्रकारों से कहा, ”यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि अब मस्जिदों के अंदर भी विस्फोट हो रहे हैं। इससे पता चलता है कि हम अल्लाह से कितना दूर चले गए हैं… हम उस रास्ते पर चल रहे हैं जो हमें दोजख की आग में ले जाएगा।”

यह पूछे जाने पर कि क्या पाकिस्तान को आतंकवादी देश घोषित किया जाना चाहिए, अब्दुल्ला ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। पाकिस्तान की राजधानी में शुक्रवार को नमाज के दौरान शिया समुदाय की मस्जिद में आत्मघाती हमलावर द्वारा विस्फोट किए जाने से कम से कम 31 लोग मारे गए और 169 अन्य घायल हो गए। यह हमला हाल के वर्षों में शिया समुदाय को निशाना बनाकर किए गए सबसे भीषण आतंकी हमलों में से एक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights