देशभर में शनिवार को बकरीद का त्यौहार बड़ी धूमधाम से मनाया गया। यूपी के मथुरा में भी ये त्यौहार मनाया गया, लेकिन देर शाम को ईदगाह के समीप जमकर हंगामा किया गया। ईदगाह के समीप गोवंश के अवशेष मिले, जिसके बाद हिंदू संगठन के लोगों ने जमकर हंगामा किया। जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान पुलिस और लोगों की बीच तीखी झड़प हो गई। देर रात तक हंगामा चला, जिससे इलाके में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात है।

गो कटान का लगाया आरोप 
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला थाना गोवर्धन क्षेत्र के बरसाना मार्ग का है। यहां पर स्थित ईदगाह के पास गोवंश के अवशेष मिले। ये खबर पूरे इलाके में फैल गई। खबर फैलते ही गोवर्धन में तनाव की स्थिति कायम हो गई। बड़ी संख्या में गोरक्षक दल के सदस्य और स्थानीय हिन्दू संगठनों के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बकरीद पर गो कटान का आरोप लगाया है। इसी बात को लेकर देर रात तक हंगामा होता रहा।

पुलिस-प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
जानकारी होने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने भड़के हुए लोगों को शांत कराने की कोशिश की और उन्हें समझाने का भी प्रयास किया। इस दौरान गोरक्षक दल के सदस्यों और पुलिस के बीच तीखी कहासुनी हुई। उन्होंने पुलिस और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने उन अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच के बाद इस मामले में कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights