समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रतापगढ़ में दलित समाज की एक युवती की बलात्कार के बाद हत्या की घटना को लेकर सोमवार को उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधा। यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि प्रतापगढ़ में एक दलित बेटी की जघन्य हत्या का समाचार बेहद दुखद और निंदनीय है।

‘घुमंतू माननीय यूपी की बेटियों की दुर्दशा पर डालें नजर’
उन्होंने इसे पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग से जोड़ते हुए कहा, ”सवाल ये है कि उत्तर प्रदेश में पीडीए बेटियों की हत्या का सिलसिला क्यों जारी है? क्या भाजपा सरकार की महिला सुरक्षा की बातें खोखली हैं या फिर महिला सुरक्षा में भी भेदभाव हो रहा है।” यादव ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार में सक्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा, ”जब घुमंतू माननीय को चुनाव प्रचार से फ़ुरसत मिल जाए तो अपने उत्तर प्रदेश की बेटियों की दुर्दशा पर भी नजर डालिएगा, वैसे अन्याय और अत्याचार के सिवाय आपसे प्रदेश की किसी बहन-बेटी-माता को कोई उम्मीद है नहीं।”

तफ्सील से जानें क्या है पूरा मामला 
प्रतापगढ़ के माणिकपुर क्षेत्र में एक दलित युवती की बलात्कार के बाद हत्या किये जाने का मामला सामने आया है। अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी क्षेत्र) बृजनन्दन राय ने एक बयान में बताया कि प्रतापगढ़ के माणिकपुर थाना क्षेत्र स्थित ककरहा मिरिया गांव में एक युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया है। उन्होंने बताया कि रविवार 26 अप्रैल को माणिकपुर के रहने वाले वाले एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी 19 वर्षीय बहन घर के बरामदे में सो रही थी, तभी किसी ने उसकी हत्या करके शव को पेड़ पर फांसी से लटका दिया है।

राय ने बताया कि इस सूचना पर थाने पर तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया और शव के पोस्टमार्टम में लड़की से बलात्कार और उसकी गला घोंटकर हत्या किये जाने की बात सामने आयी। उन्होंने बताया कि मामले की जांच में पता लगा कि लड़की अपने पिता का मोबाइल फोन इस्तेमाल करती थी और उसका प्रेम प्रसंग अपने ही रिश्तेदार नाबालिग लड़के से था। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच में पता लगा है कि घटना की रात भी लड़की बगीचे में गयी थी जहां नाबालिग लड़के और उसके दोस्तों ने बलात्कार और हत्या की घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि वारदात के अभियुक्त नाबालिग लड़के को हिरासत में ले लिया गया है और बाकी अभियुक्तों को भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights