फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले नॉलीवुड के चमकते सितारे एलेक्स एबुको का निधन हो गया है। कैंसर से जूझ रहे अभिनेता ने मात्र 40 वर्ष की आयु में दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन की खबर मिलते ही इंडस्ट्री और फैंस में शोक की लहर दौड़ गई।
कैंसर से जूझ रहे थे अभिनेता
दरअसल, एलेक्स एबुको पिछले लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने लागोस के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उन्होंने अपनी इस बीमारी को काफी निजी रखा था, जिससे उनके निधन की खबर ने प्रशंसकों को झकझोर कर रख दिया है।
मॉडलिंग से सुपरस्टार तक का सफर
एलेक्स का जन्म 10 अप्रैल 1986 को पोर्ट हार्कोर्ट में हुआ। वे साल 2010 में ‘मिस्टर नाइजीरिया’ प्रतियोगिता में रनर-अप रहने के बाद चर्चा में आए। अभिनय की दुनिया में उनकी किस्मत साल 2012 में आई फिल्म ‘इन द कपबोर्ड’ से बदली। इस फिल्म के लिए उन्हें ‘बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर’ का खिताब मिला, जिसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और नॉलीवुड के एक बड़े रोमांटिक स्टार के रूप में उभरे।
एलेक्स के निधन पर फिल्म जगत की कई हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है। उनकी करीबी दोस्त और मशहूर अभिनेत्री फुंके अकिंडले ने एक बेहद भावुक संदेश में लिखा कि वह उनसे आखिरी बार मिलना चाहती थीं, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था।
