चारधाम यात्रा 2026 के बीच केदारनाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्था के तहत चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान रुद्रप्रयाग पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है. युवक के पास से दो धारदार हथियार और दो खिलौना बंदूकें बरामद होने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया. पुलिस के अनुसार युवक को बिना किसी वैध पहचान पत्र के एक टेंट में ठहराया गया था. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने युवक से पूछताछ शुरू कर दी है, वहीं संबंधित टेंट संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है.
सीओ केदारनाथ नितिन लोहनी ने बताया कि चारधाम यात्रा के मद्देनजर केदारघाटी में लगातार संदिग्ध व्यक्तियों और अस्थायी ठिकानों की जांच की जा रही है. बुधवार शाम पुलिस टीम द्वारा टेंटों और संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली. तलाशी के दौरान युवक के पास से दो धारदार हथियार और दो खिलौना बंदूकें बरामद हुईं. इसके बाद पुलिस ने तत्काल युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी.
प्रारंभिक जांच में युवक उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले का निवासी पाया गया. पुलिस द्वारा उसके परिजनों से संपर्क किए जाने पर जानकारी मिली कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है. हालांकि सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है. जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित टेंट संचालक ने युवक को बिना आईडी के अपने यहां ठहराया था, जो सुरक्षा नियमों का उल्लंघन माना गया. इस पर पुलिस ने टेंट स्वामी के खिलाफ चालानी कार्रवाई शुरू कर दी है.
चारधाम यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग पुलिस पूरी तरह हाई अलर्ट मोड पर है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 या स्थानीय पुलिस को दें.
