उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां मटेरा इलाके में नानपारा-बहराइच मार्ग पर रविवार देर रात एक अज्ञात कंबाइन मशीन (धान/गेहूं काटने वाली मशीन) ने टाटा पंच कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण एक्सीडेंट में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि नानपारा-बहराइच मार्ग पर रविवार देर क्षेत्र में यह हादसा डिहवा पेट्रोल पंप के सामने हुआ। नानपारा से बहराइच की ओर जा रही टाटा पंच कार में छह लोग सवार थे।
इसी दौरान मटेरा की ओर से बहराइच जा रही एक अज्ञात कंबाइन मशीन ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना मटेरा और थाना नानपारा की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल बहराइच भिजवाया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद चार लोगों को मृत घोषित कर दिया जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतकों की पहचान अनिल कुमार (40) पुत्र सुरेश निवासी मुकेरिया थाना रामगांव बहराइच, अल्ताफ अहमद (38) पुत्र अब्दुल कादिर निवासी हमजापुरा थाना दरगाह शरीफ बहराइच अनिल कुमार (42) पुत्र श्याम नारायण निवासी मेटुकहा थाना रामगांव बहराइच तथा महेंद्र पाल (45) पुत्र राधेश्याम निवासी फतेहपुरवा मोहम्मदपुर थाना रामगांव बहराइच के रूप में हुई है। वहीं घायलों में शिवम श्रीवास्तव (30) पुत्र वेदप्रकाश निवासी चित्रशाला रोड थाना कोतवाली नगर बहराइच तथा अश्वनी कुमार (30) पुत्र रामकमल निवासी ब्राह्मणीपुरा थाना कोतवाली नगर बहराइच शामिल हैं। दोनों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होने बताया कि नानपारा कि तरफ से एक टाटा पांच गाड़ी आ रही थी जिसमे छह लोग सवार थे नानपारा के पास मटेरा की ओर से बहराइच जा रही एक अज्ञात कंबाइन मशीन ने कार में जोरदार टक्कर मार दी जिसमे चार लोगों की मौत हुई है।
