बलिया जिले के बैरिया क्षेत्र में कथित तौर पर पेट्रोल पंप से पेट्रोल ना मिलने के कारण एक एंबुलेंस के रास्ते में रुक जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पूर्ति विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) देवमणि मिश्र ने बताया कि गुरुवार को यह मामला संज्ञान में आया। उन्होंने बताया कि बैरिया तहसील के पांडेपुर गांव निवासी छट्ठू शर्मा (50) की बुधवार रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें एक निजी एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जा रहे थे।

मिश्र के अनुसार, इसी दौरान पेट्रोल खत्म होने से एंबुलेंस रास्ते में बंद हो गई। परिजनों ने टेंगरही गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप से पेट्रोल देने का आग्रह किया, लेकिन पंप संचालक ने पेट्रोल न होने का हवाला देकर इनकार कर दिया। परिजनों का आरोप है कि समय पर पेट्रोल न मिलने से छट्ठू को जिला अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका और रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

डीएसओ मिश्र ने कहा कि प्रकरण बेहद गंभीर है और पेट्रोल पंप संचालक को आपात स्थिति में एंबुलेंस को पेट्रोल देना चाहिए था। उन्होंने बताया कि बैरिया के उप जिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी और सहायक खाद्य अधिकारी की 3 सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है जिसने जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट सक्षम अधिकारी को कार्रवाई के लिए भेजी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights