कांग्रेस की दिल्ली इकाई के अंतरिम प्रमुख देवेंद्र यादव ने रविवार को आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजधानी में पानी की कमी के मुद्दे का समाधान खोजने के बजाय जल मंत्री आतिशी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद एवं नेता इस पर राजनीति कर रहे हैं।

यादव ने एक बयान में कहा कि आतिशी महज राजनीतिक तमाशा कर रही हैं। दिल्ली की मंत्री ने भाजपा शासित हरियाणा पर 100 मिलियन गैलन प्रतिदिन (एमजीडी) कम पानी छोड़ कर दिल्ली के लगभग 28 लाख लोगों को वंचित करने का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के हिस्से का पानी जारी करने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठीं मंत्री को ‘‘जल सत्याग्रह नाटक’’ करने से पहले इस मुद्दे को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए थे।

यादव ने जल संकट के मुद्दे पर भाजपा की ‘‘चालबाजी’’ की भी आलोचना करते हुए कहा कि दिल्ली से उसके सात सांसदों को हरियाणा सरकार के साथ-साथ केंद्रीय जल शक्ति मंत्री के समक्ष भी यह मुद्दा उठाना चाहिए था कि भाजपा शासित राज्य कम पानी छोड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि इस गंभीर संकट के दौरान सड़कों पर विरोध प्रदर्शन करने और दिल्ली पुलिस की पानी की बौछारों में भींगने के बजाय, भाजपा नेताओं को इस मुद्दे को सुलझाने और लोगों को पीड़ा और परेशानी से बचाने के लिए काम करना चाहिए था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights