समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को दावा किया कि 2027 में उनकी पार्टी की सरकार बनने पर गन्ना किसानों का भुगतान 24 घंटे के भीतर किया जाएगा और इसके लिए 15 हजार करोड़ रुपये का ‘किसान रिवॉल्विंग फंड’ बनाया जाएगा। पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में यादव ने कहा, “जैसे ही किसान के हाथ में पर्ची आएगी, उसी समय उसके खाते में भुगतान कर दिया जाएगा। इसके लिए रिवॉल्विंग फंड बनाया जाएगा, जिससे किसानों को इंतजार नहीं करना पड़ेगा।”

‘किसानों के कर्ज को लेकर कानून बनाकर राहत दी जाएगी’
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के कर्ज को लेकर कानून बनाकर राहत दी जाएगी। इसके साथ ही फसल बीमा, मुफ्त सिंचाई और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) सुनिश्चित करने का भी वादा किया। यादव ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान किसानों को मिलने वाली कई सुविधाएं मौजूदा सरकार ने समाप्त कर दीं। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे के किनारे मंडियों का विकास रुक गया है और कृषि ढांचे को आगे नहीं बढ़ाया गया। सपा प्रमुख ने कहा कि बढ़ती लागत के कारण खेती घाटे का सौदा बनती जा रही है और किसान खाद, बीज तथा डीजल महंगे दामों पर खरीदने को मजबूर हैं।

सपा प्रमुख ने वीडियो साझा कर सीएम योगी की आलोचना की
उन्होंने कहा कि अमेरिका से समझौते के बाद बड़े पैमाने पर कृषि उत्पाद भारत में आ जाएंगे तो राज्य का किसान संकट में पड़ जाएगा। जैविक खेती को बढ़ावा देने की बात करते हुए यादव ने कहा कि किसानों को अनुसंधान केंद्रों से जोड़कर बेहतर बीज और कम रासायनिक उर्वरक के उपयोग की दिशा में काम किया जाएगा। यादव ने मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ से संबंधित एक वीडियो साझा करते हुए इटावा सफारी को लेकर उनकी आलोचना की।

उन्होंने ‘स्मार्ट सिटी’ की तर्ज पर ‘स्मार्ट गांव’ विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि सपा सरकार बनने पर इस दिशा में कार्य किया जाएगा। नहरों की सफाई को लेकर पूछे गए सवाल पर यादव ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि इस दिशा में अपेक्षित कार्य नहीं हुआ है। अन्य राजनीतिक सवालों पर उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत से तय होती है और उनकी पार्टी जमीनी स्तर पर काम कर रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights