हरियाणा के मंत्री राव नरबीर सिंह के गुरुग्राम स्थित आवास के बाहर तैनात एक पुलिस कांस्टेबल “गार्ड रूम” में मृत पाया गया. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. वहीं, स्टाफ के अन्य सदस्यों को संदेह है कि यह आत्महत्या है. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है.

झज्जर का रहने वाला था कांस्टेबल

पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. जगबीर सिंह (49) मंगलवार तड़के 2.30 बजे मंत्री के आवास के बाहर गार्ड रूम में बेहोश पाए गए और बाद में अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.

झज्जर जिले के सुखपुरा गांव के निवासी जगबीर सिंह पहले सेना की जाट रेजिमेंट में कार्यरत थे और सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद 2014 में हरियाणा पुलिस में शामिल हुए थे. पुलिस ने बताया कि 2024 के विधानसभा चुनावों के बाद नरबीर सिंह के मंत्री बनने के बाद, कांस्टेबल को सिविल लाइंस इलाके में उनके आवास के बाहर सुरक्षाकर्मी के रूप में तैनात किया गया था.

कमरे में बेहोश मिला था डॉक्टर

पुलिस के अनुसार कांस्टेबल सोमवार रात ड्यूटी पर था और देर रात 2.30 बजे बेहोश पाया गया. मौके पर मौजूद अन्य लोग उसे एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया.

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस मामले की कई पहलुओं से जांच कर रही है. परिवार को सूचित कर दिया गया है और अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights