ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स (एनएसडब्ल्यू) तट के पास एक जलयान के डूबने से तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें दो स्वयंसेवी बचावकर्मी भी शामिल हैं। यह दुखद घटना तब घटित हुई जब एक आम नागरिक ने सूचना दी कि साउथ बैलिना के ब्रेकवॉल के पास एक जलयान मुश्किल में फंसा हुआ है।
उल्लेखनीय है कि साउथ बैलिना एनएसडब्ल्यू और क्वींसलैंड की सीमा के पास स्थित एक लोकप्रिय तटीय पर्यटन स्थल है। पुलिस ने बताया कि‘मरीन रेस्क्यू एनएसडब्ल्यू’के छह सदस्यों का एक दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा, लेकिन बैलिना बार को पार करते समय खराब मौसम के कारण उनकी नाव पलट गई।
इस हादसे में 78 और 62 वर्ष की आयु के दो बचावकर्मियों की मौत हो गई। मंगलवार सुबह जब यह सुनिश्चित हो गया कि सभी लोग मिल गए हैं, तलाशी अभियान रोक दिया गया। एक तीसरे व्यक्ति का शव पास ही रेत पर मिला। उसकी उम्र 50 के लगभग है और अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने बताया कि उस समय उसने लाइफ जैकेट नहीं पहनी हुई थी।
इस स्वयंसेवी संगठन के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘मरीन रेस्क्यू एनएसडब्ल्यू के लिए यह एक बेहद दुखद रात रही है। इस समय हमारा पूरा ध्यान प्रभावित परिवारों और अपने स्वयंसेवकों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने पर केंद्रित है।’
एनएसडब्ल्यू पुलिस के मरीन एरिया कमांड के अधीक्षक जो मैकनल्टी ने बताया कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वह जलयान ब्रेकवॉल के इतने करीब कैसे पहुंचा। इस जांच के सिलसिले में सबूत जुटाने के लिए गोताखोर गुरुवार को दोबारा घटनास्थल पर जा सकते हैं। बचाव नाव पर सवार चालक दल के चार अन्य सदस्यों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
