समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर एक बार फिर से जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार से समाज का हर वर्ग परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता को गुमराह करने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाएगी और मंत्रिमंडल विस्तार के नाम पर जनता को धोखा देगी। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए लोगों को सावधानी के साथ राजनीति करनी होगी। उन्होंने ऐलान किया कि यदि वर्ष 2027 में प्रदेश में सपा की सरकार बनती है तो पात्र महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।

प्रदेश के हर विभाग में भ्रष्टाचार फैला हुआ है
अखिलेश यादव शनिवार को प्रदेश के अलग-अलग जिलों से सपा मुख्यालय पहुंचे कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर विभाग में भ्रष्टाचार फैला हुआ है। यूरिया खाद, धान खरीद समेत कई जगहों पर कालाबाजारी और मुनाफाखोरी हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह खराब कर दिया है। 

‘भाजपा हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है’
सपा प्रमुख ने कहा, किसानों को उनकी फसलों का सही दाम नहीं मिल रहा है और दुग्ध उत्पादकों को भी दूध का उचित मूल्य नहीं दिया जा रहा। बिचौलिए मुनाफा कमा रहे हैं और सरकार उन्हें संरक्षण दे रही है। अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि जनता को भाजपा सरकार की नाकामियां बतानी होंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है और बजट के नाम पर जनता को गुमराह किया जा रहा है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights