ब्राह्मणों पर कथित विवादित बयान देने के आरोप में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ नोएडा के थाना सेक्टर 24 में भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने यह जानकारी दी। थाना प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार ने बताया कि सेक्टर-53 के गिझौड़ गांव के सुशील पंडित ने जातिगत टिप्पणी करने, लोक शांतिभंग करने और आईटी ऐक्ट के तहत सेक्टर-24 थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने कहा कि राजकुमार भाटी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो 5 मई का बताया जा रहा है। राजकुमार भाटी ने 5 मई को दिल्ली के जवाहर भवन में जाति और साम्प्रदायिकता के विषाणु नाम की एक पुस्तक के लोकार्पण कार्यक्रम में भाषण दिया था। इसी दौरान उन पर ब्राह्मणों पर विवादित टिप्पणी करने का आरोप है।
