भारतीय वायुसेना ने बुधवार को जम्मू और उत्तरी पंजाब के बाढ़ग्रस्त इलाकों में राहत और बचाव कार्यों के लिए छह हेलीकॉप्टर को सेवा में लगाया तथा गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक कस्बे से सेना के 38 और बीएसएफ के 10 जवानों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

इससे पहले राहत और बचाव सामग्री लेकर भारतीय वायुसेना का सी-130 परिवहन विमान, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम के साथ जम्मू में उतरा।

रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि बचाव कार्य में शामिल होने के लिए और अधिक परिवहन विमान तैयार रखे गए हैं।

चौथे दिन बुधवार को भी मूसलाधार बारिश जारी रही, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ आ गई है। हज़ारों लोगों को बाढ़ग्रस्त इलाकों से निकाला गया है। उत्तरी पंजाब के कुछ हिस्सों में बाढ़ आ गई है।

मंत्रालय ने बयान में कहा कि वायु सेना राष्ट्रीय सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करती रहेगी और जम्मू क्षेत्र तथा उत्तरी पंजाब में बढ़ते जल स्तर और विनाशकारी बाढ़ से निपटने के लिए व्यापक राहत और बचाव अभियान चला रही है।

बयान में कहा गया, “उत्तरी क्षेत्र में निकटवर्ती ठिकानों से पांच एमआई-17 हेलीकॉप्टर और एक चिनूक हेलीकॉप्टर को तुरंत सेवा में लगाया गया, जिससे अधिकतम बचाव क्षमता और परिचालन पहुंच सुनिश्चित हुई। बचाव कार्यों में शामिल होने के लिए अतिरिक्त हेलीकॉप्टर तैयार हैं।”

अधिकारियों ने बताया कि बचाव का अनूठा नमूना पेश करते हुए जम्मू के अखनूर में बाढ़ग्रस्त इलाकों से 12 सैन्य टुकड़ियों और तीन महिला बीएसएफ कांस्टेबल सहित 11 बीएसएफ कर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

शाम को भारतीय वायुसेना के एक सूत्र ने बताया कि बाढ़ से प्रभावित लोगों तक पीने का पानी और खाने के पैकेट जहाज के माध्यम से पहुंचाए जा रहे हैं।

मंत्रालय ने बताया कि पंजाब के पठानकोट इलाके में भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर ने फंसे हुए 46 नागरिकों को निकाला। मंत्रालय ने कहा कि 750 किलोग्राम से ज़्यादा ज़रूरी राहत सामग्री विमान से गिराई गई।

मंत्रालय ने बताया कि एक बेहद अहम अभियान में, 38 सैन्यकर्मियों और 10 बीएसएफ कर्मियों को “खतरनाक परिस्थितियों” में बुरी तरह प्रभावित डेरा बाबा नानक क्षेत्र से सुरक्षित निकाला गया। मंत्रालय ने बताया कि इस क्षेत्र में ऐसे और भी अभियान जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights