राजा शिवाजी’ फिल्म को टैक्स फ्री करने की मांग तेज, शिवसेना ने सौंपा ज्ञापन
–मुजफ्फरनगर में शिवसेना कार्यकर्ताओं का जोरदार प्रदर्शन, युवाओं को इतिहास से जोड़ने की उठाई आवाज
मुजफ्फरनगर। शिवसेना कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर ऐतिहासिक फिल्म ‘राजा शिवाजी’ को उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री किए जाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। यह कदम पश्चिम प्रदेश उप प्रमुख प्रमोद अग्रवाल के आह्वान पर उठाया गया, जिसमें जिला प्रमुख बिट्टू सिखेड़ा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। जिला अधिकारी की अनुपस्थिति में कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड़ को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए अपनी मांग को मजबूती से रखा। ज्ञापन में कहा गया कि छत्रपति शिवाजी महाराज केवल एक वीर योद्धा ही नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और सांस्कृतिक गौरव के प्रतीक हैं। उनके जीवन पर आधारित फिल्म ‘राजा शिवाजी’ युवाओं को अपने इतिहास से जोड़ने और देशभक्ति की भावना को सशक्त करने का माध्यम बन सकती है। शिवसेना पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि इस फिल्म को मनोरंजन कर (टैक्स) से मुक्त किया जाता है, तो अधिक से अधिक विद्यार्थी, युवा और आमजन इसे देख सकेंगे और शिवाजी महाराज के आदर्शों से प्रेरणा ले सकेंगे। उन्होंने यह भी जोर दिया कि इस तरह की ऐतिहासिक फिल्मों को बढ़ावा देना समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का काम करता है।

इस दौरान प्रमोद अग्रवाल, बिट्टू सिखेड़ा, लोकेश कश्यप, लोकेश गुप्ता, संजीव गर्ग, मनीष चौधरी, शुभम वाल्मीकि, जतिन कुमार, जॉनी सोनकर, राजीव पाल, सुनील कुमार, रवि कटारिया, संजय त्यागी, संदीप ठाकुर, मोहनलाल, दिनेश, मुकेश, लवकुश समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में शिवसेना नेताओं ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार उनकी इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए ‘राजा शिवाजी’ फिल्म को टैक्स फ्री घोषित करेगी, जिससे यह फिल्म हर वर्ग तक आसानी से पहुंच सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights