उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मड़ियांव इलाके से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। एक कलयुगी मौसा ने अपनी ही 17 साल की नाबालिग भांजी के साथ पहले दरिंदगी की और फिर राज खुलने के डर से उसे गोमती नदी में फेंक कर मार डाला। पुलिस ने आरोपी मौसा कुलदीप को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

दवा दिलाने के बहाने रची खूनी साजिश
पीड़ित किशोरी की मां की मौत हो चुकी थी और पिता अलग रहते थे, जिसके कारण वह अपने भाई के साथ मड़ियांव में अपनी मौसी और मौसा कुलदीप के घर पर ही रहती थी। बुधवार की रात आरोपी कुलदीप उसे दवा दिलाने के बहाने अपनी बाइक पर बैठाकर घर से निकला, लेकिन वह उसे अस्पताल नहीं बल्कि मौत के घाट उतारने ले गया।

किडनैपिंग की झूठी कहानी और नशे की हालत
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद किशोरी के भाई को फोन किया और मनगढ़ंत कहानी सुनाई कि कुछ कार सवार युवकों ने उसकी बहन का अपहरण कर लिया है। सूचना मिलते ही जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो आरोपी नशे की हालत में मिला। उसकी बातों में विरोधाभास और संदिग्ध हरकतों ने पुलिस के शक की सुई उसकी तरफ घुमा दी।

SDRF ने बरामद किया शव, PM रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
पुलिस को घैला पुल के पास नदी किनारे किशोरी के कपड़े और चप्पल मिले, जिसके बाद SDRF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। गुरुवार सुबह नदी से किशोरी का शव बरामद हुआ। रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई है कि किशोरी के साथ दुष्कर्म किया गया था और उसकी मौत पानी में डूबने के कारण हुई है। पुलिस की सख्ती के आगे टूटते हुए आरोपी कुलदीप ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights