एटा जिले में आपातकालीन पुलिस सुविधा यूपी-112 के एक पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर शराब के नशे में एक व्यक्ति को सड़क पर पीटा जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद जांच के आदेश दिए गए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह घटना कथित तौर पर कोतवाली नगर थानाक्षेत्र में नगर निगम कार्यालय के पास जीटी रोड पर हुई, जब पुलिस को यूपी-112 के माध्यम से सड़क किनारे एक नशे में धुत्त व्यक्ति के पड़े होने की सूचना मिली।
पुलिसकर्मी ने युवक को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अलर्ट के बाद यूपी-112 की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन गाड़ी में मौजूद एक पुलिसकर्मी कथित तौर पर नशे में था। प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर अपनी पहचान दीवान पवन चौधरी के रूप में बताई। वायरल वीडियो में पवन उस व्यक्ति को जमीन पर गिराने के बाद लात, घूंसों और थप्पड़ों से पीटते हुए दिख रहा है।
बचाने आए लोगों से बदसलूकी, पुलिसकर्मी बोला— ‘मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता’
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि सार्वजनिक रूप से उस व्यक्ति के चेहरे पर पानी डाला गया और पुलिसकर्मी ने उन लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया जिन्होंने उसके आचरण पर आपत्ति जताई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि पुलिसकर्मी खुलेआम कह रहा था कि ‘उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।’ जिस व्यक्ति पर कथित तौर पर हमला किया गया था उसकी पहचान तुरंत नहीं की जा सकी है।
SSP इलामारन सख्त, CO कीर्तिका सिंह को सौंपी जांच
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इलामारन जी ने बताया कि यूपी-112 कर्मी द्वारा दुर्व्यवहार की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि मामला जांच के लिए पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) कीर्तिका सिंह को सौंपा गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। राहगीरों ने पुलिसकर्मियों की मेडिकल जांच कराने और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
