मेरठ में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां पर सरधना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर एक कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भयानक था कि कार सवार दंपती की मौत हो गई। दोनों की लाशें कार में फंस गई। हादसे की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार की छत कटवाई और दोनों के शव बाहर निकाले गए। हादसे की जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया।

इस हादसे में निजी कंपनी के मैनेजर अभिषेक सेंगर (42) और उनकी पत्नी रेखा (42) की मौत की हुई। जानकारी के मुताबिक, अभिषेक सेंगर सिकंदरा के बी-69 राम मोहन के रहने वाले थे। वह गुरुग्राम की मल्टीनेशनल कंपनी ओप्टम में असिस्टेंट मैनेजर थे। बुधवार को क्रिसमस की छुट्टी पर वह कार से कांवड़ मार्ग से पत्नी रेखा के साथ रुड़की अपनी ससुराल जा रहे थे। गांव कपसाड़ के पास सड़क के घुमाव पर कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। अभिषेक और रेखा कार में फंस गए। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस कंट्राेल रूम को दी। पुलिस ने राहगीरों की मदद कार में फंसे दंपती को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में पुलिस ने वेल्डर को मौके पर बुलाकर कार की छत कटवाई और दोनों के शव बाहर निकाले गए। दंपती के पास से मिले दस्तावेजों के आधार पर परिजन को सूचना दी गई।

शाम को पुलिस ने परिजनों को दोनों के हादसे के बारे में बताया था। मगर, यह नहीं कहा कि दोनोें की जान चली गई है। कुछ रिश्तेदार और परिजन मेरठ के लिए रवाना हो गए थे। घर में मां और पिता ही माैजूद थे। वह भगवान से बेटे और बहू की सलामती के लिए प्रार्थना कर रहे थे। मां-पिता को देर रात तक रिश्तेदारों ने दोनों की मौत की जानकारी नहीं दी। शवों को देख परिजनों में कोहराम मच गया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights