–थाना नई मंडी क्षेत्र में देर रात गूंजे गोलियों के धमाके, इलाके में मचा हड़कंप
मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब देर रात पुलिस और स्कूटी सवार बदमाशों के बीच जोरदार मुठभेड़ हो गई। चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भाग रहे बदमाशों ने खुद को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए एक बदमाश को धर दबोचा। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा और पुलिस टीम ने घेरा बंदी कर दबोच लिया। घायल बदमाश को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मेघाखेड़ी निवासी सलमान उर्फ शहजादा के रूप में हुई है, जो गौकशी और चोरी के मामलों में वांछित चल रहा था। वहीं मुठभेड़ के दौरान उसका साथी खुशनसीब पुत्र अलीहसन अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में कॉम्बिंग अभियान तेज कर दिया है और फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार बदमाश पंजाब में भी चोरी के मामलों में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था। दोनों आरोपियों पर गौकशी समेत कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम ने मुठभेड़ स्थल से एक 315 बोर तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस के साथ बिना नंबर प्लेट की स्कूटी बरामद की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और जल्द ही उसे भी दबोच लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights