मुंबई के भांडुप (पश्चिम) इलाके में एक निर्माणाधीन स्थल पर गड्ढे में गिरने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। निकाय अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि घटना बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े 11 बजे जनता मार्केट के निकट मेट्रो मॉल के पास हुई जहां झोपड़पट्टी पुनर्वसन प्राधिकरण (एसआरए) की एक इमारत का निर्माण हो रहा है।

अधिकारियों के अनुसार पीड़ित कथित तौर पर पास के मातोश्री मैरिज हॉल में एक कार्यक्रम में भाग लेने गए थे और इस दौरान वे पूर्वी उपनगर में एसआरए निर्माण स्थल पर एक गड्ढे में दुर्घटनावश गिर गए। एक निकाय अधिकारी ने बताया कि पुलिस, 108 एंबुलेंस सेवा और वार्ड कर्मियों के साथ मुंबई दमकल विभाग की आपातकालीन टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। इस घटना में कुल 11 लोग घायल हो गए, जिनकी उम्र 19 से 43 वर्ष के बीच है।

अधिकारी ने बताया कि उन्हें इलाके के क्रिटिकेयर अस्पताल, फोर्टिस अस्पताल और अग्रवाल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि उनमें से एक व्यक्ति की पहचान भालचंद्र फाले (25) के रूप में हुई है, जिन्हें फोर्टिस अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि श्रेयस सर्वे (25) और हरिशंकर करवा (43) नामक दो घायल व्यक्तियों को क्रमशः क्रिटिकेयर अस्पताल और अग्रवाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर है। उन्होंने बताया कि अन्य घायलों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights