नवाबों के शहर लखनऊ के महानगर इलाके से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। जहां एक निजी अस्पताल में इलाज कराने आई महिला मरीज के साथ अस्पताल के ही एक वार्ड बॉय ने दरिंदगी की कोशिश की। बुधवार देर रात हुई इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा और मरीजों के भरोसे को तार-तार कर दिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

टॉयलेट में घुसकर अंदर से बंद कर लिया दरवाजा
जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से सीतापुर की रहने वाली पीड़िता 19 मार्च से इस निजी अस्पताल में भर्ती थी। बुधवार की रात जब वह वार्ड के पास बने महिला टॉयलेट में गई, तो घात लगाकर बैठे वार्ड बॉय अनीस अहमद ने उसका पीछा किया। आरोपी चुपके से टॉयलेट के अंदर घुस गया और दरवाजा अंदर से लॉक कर लिया। आरोप है कि उसने महिला के साथ अश्लील हरकतें और रेप की कोशिश की। जब पीड़िता ने शोर मचाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की।

बहन को हुआ शक, तब खुला ‘काले कारनामे’ का राज
काफी देर तक जब महिला शौचालय से बाहर नहीं आई, तो बाहर खड़ी उसकी बड़ी बहन को अनहोनी का अंदेशा हुआ। उसने परिजनों को बुलाया और शोर मचाना शुरू किया। हंगामा बढ़ता देख अस्पताल का स्टाफ भी वहां पहुंच गया। जब कड़ी मशक्कत के बाद दरवाजा खुलवाया गया, तो अंदर वार्ड बॉय को देखकर सबके होश उड़ गए। भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गया था।

सर्विलांस की मदद से दबोचा गया आरोपी
पीड़िता के भाई की तहरीर पर महानगर पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया। पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से आरोपी अनीस अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी भी सीतापुर का ही रहने वाला है और फिलहाल मदेयगंज में रहकर अस्पताल में काम कर रहा था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बहाना बनाया कि वह सिर्फ ‘सिगरेट पीने’ अंदर गया था, लेकिन पीड़िता के बयानों और साक्ष्यों ने उसकी पोल खोल दी।

अस्पताल प्रशासन का कड़ा फैसला
घटना के तूल पकड़ते ही अस्पताल प्रशासन ने आरोपी वार्ड बॉय अनीस को तत्काल प्रभाव से नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने पहले भी किसी मरीज के साथ इस तरह की हरकत की है। फिलहाल, महिला का इलाज जारी है और पुलिस कानूनी कार्यवाही को अंतिम रूप दे रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights