उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद अंतर्गत मुंशीगंज थाना क्षेत्र में बांदा-टांडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई है. जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है. यह हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए. देर रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद ट्रक के नीचे दबे युवकों को बाहर निकाला गया.
टेरी लोकीपुर गांव के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार यह हादसा बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे मुंशीगंज कोतवाली क्षेत्र के टेरी लोकीपुर गांव के पास हुआ. बताया जा रहा है कि प्याज से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक गौरीगंज से सुल्तानपुर की ओर जा रहा था. इसी दौरान सामने चल रही एक बाइक को बचाने के प्रयास में चालक ट्रक से नियंत्रण खो बैठा. अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे से गुजर रही दो मोटरसाइकिलों पर पलट गया. हादसे के बाद ट्रक चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया.
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
ट्रक पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और घायलों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए मुंशीगंज कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई. इसके अलावा पुलिस क्षेत्राधिकारी गौरीगंज अखिलेश कुमार वर्मा तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश कुमार मिश्रा भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया.
तीन युवकों की गई जान
इस दर्दनाक हादसे में प्रतापगढ़ जिले के अंतू थाना क्षेत्र के गाजीपुर गांव निवासी 16 वर्षीय प्रिंस वर्मा पुत्र श्यामलाल वर्मा तथा 25 वर्षीय सनी कुमार वर्मा पुत्र रामदेव वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं सुल्तानपुर निवासी राजू गंभीर रूप से घायल हो गया था. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया. इसके अतिरिक्त अजीत वर्मा पुत्र गोपाल वर्मा निवासी नरेड़ी थाना एवं जिला शामली गंभीर रूप से घायल हो गया. उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है. चिकित्सकों की निगरानी में घायल युवक का उपचार जारी है.हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.
जेसीबी और हाइड्रा से हटाया गया ट्रक
हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया. ट्रक सड़क पर पलटने के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया था. पुलिस ने तत्काल जेसीबी और हाइड्रा मशीनों की मदद से ट्रक को हटवाया और सड़क को खाली कराया. कई घंटों की मशक्कत के बाद देर रात ही राजमार्ग पर यातायात बहाल कराया गया.
पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी.
मुंशीगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया. ट्रक के नीचे दबे युवकों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया है. एक अन्य घायल युवक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है.
उन्होंने बताया कि ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है. पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस तीनों मृतकों की लाश को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही कर रही है.
