उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और उष्ण लहर का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान लू से भीषण लू चलने तथा गर्म रातें रहने की चेतावनी जारी की है। मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार तेज धूप, उच्च तापमान और उमस भरी हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। विशेष रूप से दोपहर के समय लोगों को घरों से बाहर निकलने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

PunjabKesari

प्रदेश के विभिन्न शहरों में तापमान लगातार सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। प्रयागराज, बांदा, झांसी और कानपुर में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया, जबकि लखनऊ, वाराणसी, आगरा, गोरखपुर और मेरठ में भी पारा 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। मौसम विभाग ने इसे ‘उष्ण रात्रि’ की स्थिति बताया है, जिसका असर बच्चों, बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोगों पर अधिक पड़ सकता है।

PunjabKesari

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लू के कारण हीट रैश, डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। विशेष रूप से मजदूरों, किसानों, निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों और लंबे समय तक धूप में काम करने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विभाग ने लोगों से दोपहर में धूप में निकलने से बचने, हल्के सूती कपड़े पहनने, सिर ढककर बाहर निकलने तथा पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस, लस्सी, छाछ और नींबू पानी जैसे तरल पदार्थों का सेवन करने की अपील की है।

PunjabKesari

कृषि क्षेत्र पर भी भीषण गर्मी का असर दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग के कृषि आधारित पूर्वानुमान के अनुसार गन्ना, मक्का, उड़द, मूंग, मूंगफली, सूरजमुखी तथा सब्जियों की फसलों में नमी की कमी, फूल झड़ने और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। किसानों को शाम के समय हल्की सिंचाई करने, खेतों में नमी बनाए रखने, मल्चिंग करने तथा फसलों को तेज धूप से बचाने की सलाह दी गई है। आम, केला और पपीता जैसी बागवानी फसलों में भी फल गिरने और सनबर्न का खतरा बढ़ गया है। पशुपालकों को भी दोपहर में पशुओं को खुले में न छोड़ने और उन्हें पर्याप्त पानी व छायादार स्थान उपलब्ध कराने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन को अलटर् मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग ने लोगों से लगातार मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights