उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक गांव के बाहर तालाब में रविवार को डूबने से एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अंश (आठ), आयुष (नौ) और त्रिवेंद्र उर्फ देव (10) के रूप में हुई है।

मीरगंज थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) संजय तोमर ने बताया कि रविवार शाम करीब 4:30 बजे सूचना मिली कि दोपहर दो से तीन बजे के बीच तीन बच्चे गांव के तालाब में नहाने गए थे और इसी दौरान तीनों डूब गए। उन्होंने बताया कि सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तीनों बच्चे नहाते समय गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हुई। पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, एक साथ तीन बच्चों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights