मथुरा के वृन्दावन में बांकेबिहारी मंदिर पुलिस चौकी के एक दरोगा को युवक की बेवजह पिटाई करने की शिकायत मिलने के बाद लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के गौरा नगर के निवासी पीड़ित युवक आशीष श्रीवास्तव ने शिकायत की थी कि रविवार को वह अपनी मोटरसाइकिल पर ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के पास बाजार से गुजर रहा था, तभी बांकेबिहारी पुलिस चौकी पर तैनात उप निरीक्षक सुबोध मलिक और कुछ अन्य पुलिसकर्मी एक बाल अपराधी को मोबाइल चोरी के मामले में पकड़ कर ला रहे थे।

पुलिस ने बताया कि श्रीवास्तव के मुताबिक उसी समय उसके मोबाइल फोन पर किसी की कॉल आ गयी और वह रुककर बात करने लगा, लेकिन दरोगा ने समझा कि वह नाबालिग लड़के को पकड़ कर ले जाने का वीडियो बना रहा है। पुलिस ने बताया कि श्रीवास्तव का आरोप है कि इसके बाद दरोगा ने बिना कोई सवाल किये कॉलर पकड़कर उसे खींचना और पीटना शुरु कर दिया।

उन्होंने बताया कि दरोगा की यह हरकत वहां किसी दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई और वह क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल भी हो गई। सूत्रों के अनुसार युवक की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने दरोगा सुबोध मलिक को लाइन हाजिर कर दिया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights