उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पर अंधविश्वास के कारण एक मासूम बच्चे की जान चली गई। सांप के काटने के बाद परिवार ने उसे अस्पताल ले जाने की बजाय झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र का सहारा लिया, जिससे समय पर इलाज नहीं मिल सका।

जानिए पूरी घटना 
यह घटना आदमपुर थाना क्षेत्र के पीतमपुर गांव की है। यहां रहने वाले एक मजदूर के 4 बच्चों में सबसे छोटा बेटा अमित (कक्षा 4 का छात्र) गुरुवार शाम करीब 6 बजे पशुओं के लिए भूसा लेने गया था। उसी दौरान उसे किसी जहरीले सांप ने काट लिया। करीब 3 घंटे बाद वह घर पहुंचा और परिवार को बताया, जिसके बाद वह बेहोश हो गया।

अस्पताल लेकर नहीं पहुंचे परिजन 
परिवार उसे तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने के लिए अलग-अलग जगहों पर ले गया। काफी देर तक कोई सुधार नहीं हुआ, लेकिन फिर भी अस्पताल नहीं ले जाया गया। इस दौरान बच्चे के शरीर में जहर फैलता रहा। इसके बाद अंधविश्वास के चलते परिवार उसे गंगा नदी ले गया। वहां लकड़ी के सहारे उसे बांधकर नदी के पानी में करीब 12 घंटे तक रखा गया, इस उम्मीद में कि वह ठीक हो जाएगा। लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।

अस्पताल ले जाने में हो गई बहुत देर…
जब हालत और बिगड़ गई, तब उसे एक हकीम के पास ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आखिरकार परिवार बच्चे को वापस घर ले आया और शनिवार को उसका अंतिम संस्कार कर दिया। यह घटना अंधविश्वास के खतरनाक परिणामों को दिखाती है, जहां समय पर इलाज न मिलने से एक बच्चे की जान चली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights