दिल्ली में शुक्रवार की सुबह गर्म रही और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने दिन में गरज के साथ छींटे पड़ने, बिजली कड़कने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है, जिसकी गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, पालम मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस और लोधी रोड में 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, रिज केंद्र में न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में यह 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है, जबकि अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 160 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा , 51 से 100 के बीच संतोषजनक , 101 से 200 के बीच मध्यम , 201 से 300 के बीच खराब , 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights