खतौली/मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद खतौली में एक विवाद ने तूल पकड़ लिया है, जहां कांग्रेस नेता जमील अंसारी और सफाई कर्मचारियों के बीच टकराव अब खुले विरोध में बदल गया है। हालात ऐसे बन गए कि आक्रोशित सफाईकर्मियों ने नेता के घर के बाहर ही कूड़े का ढेर लगाकर अपना गुस्सा जाहिर कर दिया। इस अनोखे विरोध ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की जड़ वार्ड में सफाई व्यवस्था को लेकर हुई कहासुनी बताई जा रही है। आरोप है कि जमील अंसारी ने सफाई कार्य में लापरवाही को लेकर सफाई नायक और कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई। वहीं कर्मचारियों का कहना है कि नेता ने मर्यादा की सीमाएं लांघते हुए उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर उनका अपमान किया। घटना के बाद गुस्साए सफाई कर्मचारी एकजुट हो गए और विरोध का ऐसा तरीका अपनाया, जिसने पूरे शहर का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। ट्रैक्टर-ट्रॉली में कूड़ा भरकर दर्जनों कर्मचारी जमील अंसारी के आवास पर पहुंचे और नारेबाजी करते हुए उनके घर के मुख्य द्वार के बाहर कूड़े का अंबार लगा दिया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।सफाई कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि नेता सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तो वे पूरे शहर की सफाई व्यवस्था ठप कर देंगे। इस चेतावनी से नगर पालिका प्रशासन में हड़कंप मच गया है, क्योंकि भीषण गर्मी के बीच सफाई व्यवस्था ठप होने से शहर में गंभीर स्वास्थ्य संकट खड़ा हो सकता है। मामले की सूचना मिलते ही नगर पालिका अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। फिलहाल इलाके में कूड़े का ढेर लगा हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आवाजाही प्रभावित हो रही है और दुर्गंध से हालात और बिगड़ते जा रहे हैं। यदि जल्द ही दोनों पक्षों के बीच समझौता नहीं हुआ, तो यह विवाद नगर के अन्य वार्डों में भी फैल सकता है, जिससे पूरे खतौली शहर में गंदगी और अव्यवस्था का बड़ा संकट खड़ा होने की आशंका है।
