महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और NCP अध्यक्ष सुनेत्रा पवार ने बुधवार (6 मई) को राज्यसभा की सदस्यता से 2 साल में ही इस्तीफा दे दिया. ये इस्तीफा उन्होंने बारामती विधानसभा उपचुनाव में बड़े अंतर से जीत हासिल करने के दो दिन बाद दिया है. सुनेत्रा के बेटे और राज्यसभा सदस्य पार्थ पवार ने जानकारी दी कि सुनेत्रा पवार ने भारत के उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात के बाद राज्यसभा सदस्य के तौर पर अपना इस्तीफा सौंप दिया.

नेशनल कांग्रेस पार्टी (NCP) ने बताया कि सभापति ने 6 मई से उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है. इस्तीफ सौंपने के बाद सुनेत्रा पवार ने कहा, “मैं महाराष्ट्र राज्य विधानसभा के लिए चुनी गई हूं इसलिए मैंने राज्यसभा सदस्य के पद से अपना इस्तीफा दे दिया है. मैं महाराष्ट्र की जनता की आभारी हूं कि उन्होंने मुझे विधानसभा के लिए चुना. साथ ही मुझे ‘काउंसिल ऑफ़ स्टेट्स’ (राज्यसभा) के सदस्य के तौर पर राष्ट्रीय स्तर पर सेवा करने का अवसर दिया.’

उपराष्ट्रपति ने स्वीकार किया इस्तीफा

सुनेत्रा पवार ने आगे कहा, “मेरा कार्यकाल, भले ही छोटा रहा हो, लेकिन यह बहुत ही समृद्ध और ज्ञानवर्धक रहा है. इसने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों के बारे में मेरी समझ को एक व्यापक दृष्टिकोण दिया है.” उन्होंने आगे कहा, “उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने मेरा इस्तीफा स्वीकार कर लिया है.  उन्होंने सार्वजनिक जीवन में मेरी आगे की यात्रा के लिए मेरा मार्गदर्शन भी किया, जिसके लिए मैं उनकी हमेशा आभारी रहूंगी.” गौर हो कि अपने पति अजित पवार की मृत्यु के बाद हुए बारामती उपचुनाव में सुनेत्रा पवार ने 2,18,034 मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल की है.  इस सीट से दूसरे नंबर पर न्यू राष्ट्रीय समाज पार्टी के प्रो आर वाई घुटुकडे सर रहे, जिन्हें केवल 935 वोट ही मिले.

साल 2024 में बनीं थीं राज्यसभा सदस्य

सुनेत्रा पवार को उनके पति और NCP के अध्यक्ष दिवंगत अजित पवार ने साल 2024 में राज्यसभा के लिए नॉमिनेट किया था. वह 18 जून, 2024 को निर्विरोध चुनी गईं थीं. उन्होंने NCP के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल की जगह ली थी. जिस महीने सुनेत्रा राज्यसभा सांसद बनीं थीं, उसी महीने सुनेत्रा पवार बारामती लोकसभा चुनाव में अपनी ननद और शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले से 1.58 लाख वोटों के बड़े अंतर से हार गई थीं. लोकसभा चुनाव हारने के बाद वह जून 2024 में राज्यसभा सदस्य बनीं थीं. उनके पति अजित पवार की बारामती में विमान दुर्घटना में मृत्यु के कुछ दिनों बाद, 31 जनवरी को उन्होंने महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी.

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights