उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, गोरखपुर में आयोजित शिक्षामित्र सम्मान समारोह में शिरकत करने पहुंचे, जहां उन्होंने मंच से अंग्रेजी कविताओं को लेकर बयान दिया. उन्होंने कहा कि “जॉनी जॉनी यस पापा” जैसी कविताएं बच्चों को झूठ बोलने की प्रेरणा देती हैं. वहीं “रेन रेन गो अवे, कम अगेन अनदर डे” कविता पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि यह कविता केवल खुद के बारे में सोचने की भावना दर्शाती है, जबकि हमें समाज और सभी लोगों के बारे में सोचने की सीख देनी चाहिए.
सीएम योगी ने वर्चुअल तरीके से सुनाया भाषण
इस शिक्षामित्र सम्मान समारोह में कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भाषण वर्चुअल तरीके से सुनाया गया. कार्यक्रम में सीएम योगी ने जैसी ही शिक्षामित्रों को 18 हजार मानदेय और 5 लाख रुपए की कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने की घोषणा की, वैसे ही पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा.
मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने समारोह में पिछली सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि ‘पहले की सरकार केवल ठुमके लगवाती थी’. वहीं योग सरकार जनता के स्वास्थय, शिक्षा और समस्याओं के समाधान पर ध्यान देती है. शिक्षामित्र सम्मान समारोह के दौरान विधायक नीलिमा कटियार, सरोज कुरील, सुरेंद्र मैथानी, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह, महापौर प्रमिला पांडेय, सीडीओ अभिनव जे. जैन, बीएसए सुरजीत कुमार सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे.
समारोह में जिले के पहुंचे शिक्षामित्रों को किया सम्मानित
समारोह के दौरान जिले के विभिन्न ब्लॉकों से पहुंचे शिक्षामित्रों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया. ककवन के दुष्यंत सिंह यादव, बिल्हौर के सुरेंद्र सिंह, शिवराजपुर की रंजना, चौबेपुर की स्मृति मिश्रा, कल्याणपुर की बबीता कुरील, सरसौल के विनय कुमार त्रिपाठी, भीतरगांव की रंजना, पतारा की पूजा सिंह, बिधनू के हेमंत अवस्थी, घाटमपुर की सोनी भदौरिया समेत नगर क्षेत्र के त्रिभुवन और विवेक को मंच पर सम्मान प्रदान किया गया.
