झारखंड की राजधानी रांची के होटवार जेल में महिला कैदी के साथ कथित यौन शोषण मामले में नया खुलासा हुआ है। जांच के लिए पहुंची टीम के सामने बंदी महिला ने जेल अधीक्षक और जेलर पर यौन शोषण का आरोप लगाया है।
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। झालसा के कार्यकारी अध्यक्ष जस्टिस एसएन प्रसाद के निर्देश पर मंगलवार को सचिव कुमारी रंजना के नेतृत्व में टीम होटवार जेल पहुंची और मामले की जानकारी ली।
मामले की जांच जारी
जांच के दौरान महिला बंदी ने टीम को बताया कि जेल अधीक्षक और जेलर द्वारा उसका यौन शोषण किया गया। मामले के सामने आने के बाद जेल प्रशासन और संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
