उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में 3 मार्च को जंगल में मिले महिला के कंकाल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। यह कंकाल किसान यूनियन (अराजनैतिक) की महिला विंग की जिलाध्यक्ष, 25 वर्षीय आंचल मिश्रा का था। पुलिस ने इस मामले में आंचल के प्रेमी और शातिर हिस्ट्रीशीटर सूरज वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।

बैठक का बहाना बनाकर निकली थी आंचल
बांसगढ़ फत्तेपुर बनगई गांव की रहने वाली आंचल मिश्रा 17 फरवरी को घर से यह कहकर निकली थी कि वह किसान यूनियन की एक बैठक में जा रही है। जब वह वापस नहीं लौटी, तो उसके पति संतोष मिश्रा ने काफी तलाश की। सुराग न मिलने पर 19 फरवरी को मल्हीपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पति ने शक के आधार पर सूरज वर्मा के खिलाफ शिकायत दी थी।

लोकेशन ने खोला हत्या का राज
एसपी राहुल भाटी के निर्देश पर जब पुलिस ने जांच शुरू की, तो मोबाइल लोकेशन ने सारा खेल साफ कर दिया। जिस दिन आंचल लापता हुई, उसी दिन उसकी और आरोपी सूरज वर्मा की लोकेशन एक साथ जंगल में मिली थी। कड़ाई से पूछताछ करने पर सूरज ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से आंचल की साड़ी, पर्स और जूते बरामद किए।

क्यों की हत्या? 
पुलिस की पूछताछ में आरोपी सूरज वर्मा ने चौंकाने वाले खुलासे किए। सूरज और आंचल के बीच पिछले 4 महीनों से प्रेम संबंध थे। सूरज का दावा है कि आंचल उससे लगातार रुपयों की मांग कर रही थी। पैसे ना देने पर आंचल उसे पुलिस में झूठी शिकायत दर्ज कराने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रही थी। ब्लैकमेलिंग से तंग आकर सूरज 17 फरवरी को उसे बहला-फुसलाकर जंगल ले गया और वहां गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

आरोपी का काला इतिहास
पकड़ा गया आरोपी सूरज वर्मा कोई मामूली शख्स नहीं, बल्कि इलाके का जाना-माना हिस्ट्रीशीटर है। वर्ष 2011 से अब तक उस पर चोरी, छेड़खानी, आर्म्स एक्ट और गुंडा एक्ट समेत 7 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights