शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अहमदाबाद के लिए नई सीधी उड़ान सेवा सोमवार से शुरू हो गई है। इससे पंजाब और गुजरात के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। यह उड़ान एयर इंडिया एक्सप्रेस एयरलाइंस द्वारा संचालित की जा रही है।
हवाई अड्डे के सीईओ अजय वर्मा ने बताया कि यह उड़ान चंडीगढ़ से दोपहर 1:40 बजे रवाना होकर 3:40 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी, जबकि अहमदाबाद से उड़ान सुबह 11:05 बजे चलकर दोपहर 1:00 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। पहले यात्रियों को चंडीगढ़ से अहमदाबाद जाने के लिए दिल्ली या मुंबई होकर जाना पड़ता था, जिसमें 4-5 घंटे लगते थे। अब यह यात्रा मात्र 2 घंटे में पूरी होगी। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों के अनुसार यह रूट व्यापारिक यात्रियों और पर्यटकों की मांग को देखते हुए शुरू किया गया है, जिससे दोनों शहरों के बीच व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इस रूट के लिए बुकिंग शुरू हो चुकी है और शुरुआती किराया 15,724 रुपये रखा गया है, जो फ्लेक्सी किराए के अनुसार बदल सकता है।
समर स्पेशल ट्रेनों के फेरे 17 जुलाई तक बढ़ाए गए
गर्मी के मौसम में बढ़ती भीड़ को देखते हुए अंबाला मंडल ने समर स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाने का फैसला लिया है। इसमें चंडीगढ़ से पटना जाने वाली ट्रेन नंबर 04511-12 और अंबाला-मऊ के बीच चलने वाली ट्रेन नंबर 05301-02 के फेरे अब 17 जुलाई तक बढ़ा दिए गए हैं। चंडीगढ़-पटना ट्रेन (04511-12) चंडीगढ़ से रात 11:35 बजे चलकर अगले दिन रात 9:15 बजे पटना पहुंचेगी। यह ट्रेन हर गुरुवार चंडीगढ़ से और शुक्रवार को पटना से रात 11:15 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 9:40 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। यह ट्रेन अंबाला कैंट, सहारनपुर, रुड़की, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, सिवान, छपरा और हाजीपुर होते हुए पटना पहुंचेगी।
अंबाला-मऊ स्पेशल ट्रेन
अंबाला से मऊ के लिए ट्रेन नंबर 05302 हर शुक्रवार रात 1:40 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 11 बजे मऊ पहुंचेगी। वहीं मऊ से अंबाला के लिए ट्रेन नंबर 05301 हर गुरुवार सुबह 4 बजे चलकर अगले दिन रात 12:30 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। यह ट्रेन बेल्थरा रोड, भटनी, देवरिया, गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती, मनकापुर, गोंडा, बुढ़वल, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद, गाजियाबाद, दिल्ली, सोनीपत, पानीपत और कुरुक्षेत्र होते हुए अंबाला पहुंचेगी। यह ट्रेन 17 जुलाई तक संचालित होगी।
धनबाद-चंडीगढ़ स्पेशल ट्रेन
ट्रेन नंबर 03311 धनबाद से चंडीगढ़ के लिए 14 जुलाई तक हर मंगलवार और शुक्रवार रात 11:50 बजे चलेगी और तीसरे दिन सुबह 4:30 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। यह ट्रेन 1431 किलोमीटर की दूरी 28 घंटे 40 मिनट में तय करेगी। वहीं ट्रेन नंबर 03312 चंडीगढ़ से धनबाद के लिए 16 जुलाई तक हर रविवार और गुरुवार सुबह 6 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 9 बजे धनबाद पहुंचेगी। यह ट्रेन चंडीगढ़, अंबाला, पानीपत, दिल्ली, गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ, वाराणसी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, गया, कोडरमा, पारसनाथ और गोमो जंक्शन होते हुए धनबाद पहुंचेगी।
