उत्तर प्रदेश में बरेली जिले की आंवला तहसील में जमीन के विवाद को लेकर दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी में पांच लोग घायल हो गए। इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में दो राजस्व अधिकारियों और दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक शनिवार की दोपहर अलीगंज थाना क्षेत्र के राजपुर कला गांव में जमीन के विवाद को लेकर गोलीबारी हुई थी। इस घटना में सुरेश पाल सिंह (60), वीरेश पाल (70), अनूप (16), अतुल (30) और राहुल (25) घायल हो गये। उनका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

जिला प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए राजस्व निरीक्षक और स्थानीय लेखपाल को अनुशासनहीनता और विवाद के बारे में वरिष्ठ अधिकारियों को समय पर सूचित न करने के आरोप में निलंबित कर दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि अलीगंज के उप-निरीक्षक मनोज कुमार और हेड कांस्टेबल शाहनवाज को भी दोनों गुटों के खिलाफ समुचित कार्रवाई शुरू न करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि सात लोगों को हिरासत में लिया गया है और जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights