अमेठी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के एक पिकअप और एंबुलेंस की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गयी और एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना शुकुल बाजार थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उस समय हुई, जब हरियाणा से बिहार के समस्तीपुर शव ले जा रही एंबुलेंस ने कथित तौर पर आगे निकलने की कोशिश में एक पिकअप वाहन को टक्कर मार दी।

थाना प्रभारी अभिनेश कुमार ने बताया कि इस हादसे में एंबुलेंस में सवार पांच लोगों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे गौरीगंज के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान बिहार निवासी राजकुमार शर्मा उर्फ सतीश शर्मा, रवि शर्मा, फूलो शर्मा और हरियाणा निवासी सरफराज तथा आबिद के रूप में हुई है। घायल की पहचान बिहार निवासी शम्भू राय के रूप में हुई है।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि एंबुलेंस, समस्तीपुर निवासी अशोक शर्मा के शव को हरियाणा से बिहार लेकर जा रही थी और वाहन में दो चालक एव चार परिजन सवार थे। एएसपी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को मार्ग से हटा दिया गया है और शवोंको पोस्टमार्टम के लिए भेज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights