केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत और अमेरिका के बीच हुए नए व्यापार समझौते का पुरजोर स्वागत किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि 18 प्रतिशत की कम शुल्क (टैरिफ) दर के साथ हुआ यह समझौता न केवल दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को मजबूत करेगा, बल्कि वैश्विक स्तर पर उनकी रणनीतिक साझेदारी को एक नई ऊंचाई प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत-अमेरिका संबंधों के लिए यह एक बड़ा दिन है, क्योंकि 18 प्रतिशत की काफी कम की गई शुल्क (टैरिफ) दर के साथ व्यापार समझौता तय हुआ है, जो मजबूत व्यापारिक रिश्तों और आपसी विकास का रास्ता खोलेगा।’’ इस ‘‘ऐतिहासिक समझौते’’ के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बधाई देते हुए शाह ने कहा कि यह सौदा ‘‘हमारी रणनीतिक साझेदारी को और ऊंचाइयों पर ले जाएगा तथा दोनों देशों एवं उनके लोगों को भारी लाभ पहुंचाएगा।

भारत और अमेरिका के बीच व्यापार और अधिक फलेगा-फूलेगा।’’ भारत और अमेरिका के बीच हुए इस व्यापार समझौते के तहत वाशिंगटन भारतीय वस्तुओं पर लगाए जाने वाले पारस्परिक शुल्क को मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा। राष्ट्रपति ट्रंप ने सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी से फोन पर बातचीत के बाद इसकी जानकारी दी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि अब ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर कम शुल्क लगेगा।

प्रधानमंत्री मोदी का ‘मेड इन इंडिया’ विजन

प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप से टेलीफोन पर हुई बातचीत के बाद इस फैसले पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि शुल्क में कमी से ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों की वैश्विक पहुंच बढ़ेगी और भारतीय निर्यातकों को अमेरिकी बाजार में बड़ी प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights