गाजीपुर के भदौरा रेलवे स्टेशन पंडित दीनदयाल उपाध्याय-दानापुर रेलखंड पर स्थित है। इस स्टेशन पर फरक्का एक्सप्रेस और पटना-कोटा एक्सप्रेस का ठहराव फिर शुरू किया गया है। कोरोना काल में इन ट्रेनों का ठहराव बंद कर दिया गया था। इससे क्षेत्रीय लोगों को काफी असुविधा हो रही थी।

रेलवे प्रशासन ने बुधवार को सूची जारी कर इसकी आधिकारिक जानकारी दी। इस निर्णय से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है। लोगों ने मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया। कोरोना काल में भदौरा स्टेशन पर पंजाब मेल का ठहराव भी बंद था। लेकिन हाल ही में इसे भी बहाल किया गया।


स्थानीय लोगों ने बताया कि लंबे समय से भदौरा स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग की जा रही थी। इस मांग के पूरा होने से न केवल यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि स्टेशन की पुरानी रौनक भी लौट आएगी। स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रेनों के ठहराव से स्टेशन फिर से गुलजार होगा और लोगों को यात्रा में आसानी होगी।

इस कदम से न सिर्फ भदौरा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। रेलवे स्टेशन पर बढ़ती भीड़ और गतिविधियाँ क्षेत्र के छोटे-मोटे व्यवसायों के लिए भी लाभकारी सिद्ध होंगी। रेलवे प्रशासन के इस निर्णय को क्षेत्रवासियों ने सराहा है। इसे एक सकारात्मक पहल माना है। उम्मीद है कि भविष्य में और भी ट्रेनों का ठहराव यहां शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights