नई दिल्ली, 27 सितंबर । वनडे क्रिकेट में सफल रन चेज के दौरान कई यादगार पारियां खेलने वाले भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की नजर अब अपने करियर को एक शानदार मुकाम पर पहुंचाने पर है। कोहली ने कहा है कि उनका सपना 2027 के आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्वकप फाइनल में भारत को बल्ले से जीत दिलाने का है।
जियोस्टार से बातचीत में कोहली ने कहा कि वह विश्वकप में अधिक से अधिक मैच भारत के लिए जीतना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मैं हमेशा ऐसा खिलाड़ी रहा हूं, जो हर मैच में टीम को जिताने वाला खिलाड़ी बनना चाहता है। मैं ऐसा ही बना हूं, यह मुझसे कभी दूर नहीं जाएगा।
दिग्गज बल्लेबाज ने कहा कि अगर मैं 60-70 प्रतिशत मैचों में टीम को जीत दिला पाऊं तो यह शानदार होगा। मेरा सपना है कि फाइनल में मैच जिताने वाली पारी खेलूं और मैच को फिनिश करूं।
विराट कोहली ने कहा कि उनके लिए व्यक्तिगत प्रदर्शन से बड़ा लक्ष्य टीम के साथ विश्वकप ट्रॉफी जीतना है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा होता है तो बहुत अच्छा। अगर ऐसा नहीं होता लेकिन हम विश्वकप जीत जाते हैं तो भी मैं उतना ही खुश रहूंगा।
37 वर्षीय कोहली पुरुष क्रिकेट विश्व कप के इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। पिछले विश्वकप में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 765 रन बनाए थे। हालांकि भारतीय टीम घरेलू मैदान पर फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हारकर उपविजेता रही थी।
वर्तमान में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की वनडे टीम का हिस्सा कोहली ने हाल ही में संकेत दिया था कि 2027 का पुरुष क्रिकेट विश्वकप भारत के लिए उनका आखिरी विश्वकप होगा।
कोहली ने कहा कि यह आखिरी बार होगा जब विश्वकप खेल रहे होंगे, इसलिए ट्रॉफी जीतना सबसे महत्वपूर्ण चीज है। उन्होंने कहा कि अगर मुझे ऐसा करने का मौका मिलता है तो एक बल्लेबाज के तौर पर क्रीज पर खड़े होकर इससे ज्यादा संतोषजनक कुछ नहीं है। आप खुद को ऐसी स्थिति में देखते हैं, जहां आप टीम को मुश्किल से बाहर निकाल रहे हैं। यही बात हमें प्रेरित करती है- वह खिलाड़ी बनना जो असरदार साबित हो। जब हालात मुश्किल हों तो आप खुद को टीम को मुश्किल से बाहर निकालते हुए देखते हैं। यही चीज आपको मुकाबले के लिए तैयार रखती है। इसलिए मैं उस प्रतिस्पर्धी भावना को खोना नहीं चाहता।
