नीरज प्रजापति
10 विद्यालयों के 210 विद्यार्थियों ने दिखाया ज्ञान, प्रयोग और नवाचार का दम; उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी सम्मानित
मुजफ्फरनगर। भागवन्ती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, नई मंडी में मंगलवार को विभागीय विज्ञान मेला-2026 का भव्य आयोजन हुआ। विज्ञान, प्रयोग, नवाचार और वैज्ञानिक सोच से सजे इस मेले में मुजफ्फरनगर विभाग के तीन जनपदों के 10 विद्यालयों से 210 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों के मॉडल, प्रयोग और प्रस्तुतियों ने अतिथियों व दर्शकों को प्रभावित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन से हुआ। मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव तथा विशिष्ट अतिथि डीएवी डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. योगेश त्यागी रहे। विद्या भारती के प्रांत संगठन मंत्री एवं मुख्य वक्ता प्रदीप गुप्ता की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष महत्व दिया। संभाग निरीक्षक जगवीर शर्मा, जन शिक्षा समिति के चरणपाल, विद्यालय प्रबंधक शोभित सिंह, डॉ. हरिओम शर्मा, डॉ. मुकेश, डॉ. नीरज, डॉ. ए.के. दिरमानी, सुनील त्यागी व अक्षय सहित अनेक अतिथि मौजूद रहे।
विज्ञान को जीवन से जोड़ने का आह्वान
प्रदीप गुप्ता ने कहा कि विज्ञान को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय विद्यार्थियों को प्रयोग, जिज्ञासा और नवाचार के माध्यम से जीवन की समस्याओं के समाधान की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक सोच और तकनीकी ज्ञान राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव हैं। भारत माता के जयघोष से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा।
जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव ने कहा कि वे स्वयं विद्या भारती के पुरातन छात्र रहे हैं। विद्यालय का वातावरण देखकर उन्हें अपने विद्यार्थी जीवन की यादें ताजा हो गईं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. योगेश त्यागी ने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी और डीएवी डिग्री कॉलेज के प्राणी विज्ञान संग्रहालय के भ्रमण का निमंत्रण दिया।
चार प्रतियोगिताओं में दिखा हुनर
विज्ञान प्रश्न मंच, विज्ञान प्रयोग, विज्ञान पत्रवाचन और विज्ञान प्रदर्श प्रतियोगिताओं में बाल, किशोर एवं तरुण वर्ग के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में भागवन्ती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, नई मंडी, स्टार पेपर मिल सरस्वती विद्या मंदिर सहारनपुर, लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर मुजफ्फरनगर, श्री अजीत सिंह सरस्वती विद्या मंदिर अम्बेहटा सहित कई विद्यालयों ने उत्कृष्ट स्थान प्राप्त किए। विज्ञान प्रदर्श में कार्तिक, विराट, यश जैन, जस, शिवांश जायसवाल, नन्दिनी, पारस, प्रिन्स, रियान्शी, मृत्युंजय, आराध्या, वंशिका, वैष्णवी, कारण व अभिनव समेत कई विद्यार्थियों की टीमों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ. नीलम सिन्हा, डॉ. हरिओम शर्मा, डॉ. मुकेश, डॉ. नीरज, डॉ. ए.के. दिरमानी, प्रधानाचार्य सुनील त्यागी, अक्षय, मनोज कुमार, ऋषभ शर्मा, योगेंद्र, विकास, अनिल और मुक्ता सहित अन्य निर्णायक शामिल रहे।
प्रधानाचार्या ने दी बधाई
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. वंदना शर्मा ने कहा कि विज्ञान मेला विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के साथ उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण, आत्मविश्वास और रचनात्मकता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों, अतिथियों, आचार्य-आचार्याओं एवं सहयोगियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

कार्यक्रम संयोजक शिवशंकर शर्मा तथा सह संयोजक नीशू कौशिक रहे। समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र तथा विजेताओं को मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। विज्ञान, प्रतिभा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति का यह संगम विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी अनुभव बन गया।
