मनीष अग्रवाल
रक्षाबंधन पर माताओं, बहनों एवं बेटियों को सहयात्री सहित 27 अगस्त प्रातः 06 बजे से 29 अगस्त रात्रि 12 बजे तक निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा
सहारनपुर । रक्षाबंधन के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना के शुभारंभ के अवसर पर जनपद स्तरीय कार्यक्रम राजकीय इंटर कॉलेज, नेहरू मार्केट स्थित विवेकानंद सभागार में राज्यमंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास श्री जसवंत सैनी की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर, लखनऊ में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना के शुभारंभ एवं विशेष बसों के फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। मंत्री सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं मातृशक्ति ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा। योजना के अंतर्गत प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को आजीवन निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही रक्षाबंधन के अवसर पर माताओं, बहनों एवं बेटियों को उनके सहयात्री सहित 27 अगस्त की प्रातः 06 बजे से 29 अगस्त की रात्रि 12 बजे तक निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यमंत्री जसवंत सैनी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित मातृशक्ति को उपहार स्वरूप साड़ी एवं मिष्ठान प्रदान कर सम्मानित किया गया। राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर प्रदेश की माताओं, बहनों एवं बेटियों को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा तथा 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को आजीवन निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान किए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं आत्मनिर्भर नारी के मंत्र के साथ प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना भी है। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य विकास अधिकारी श्री सुमित राजेश महाजन ने मुख्य अतिथि राज्यमंत्री जसवंत सैनी का स्वागत किया। उन्होंने अपने संबोधन में कार्यक्रम में उपस्थित मातृशक्ति, महिला मोर्चा की सम्मानित सदस्यों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं तथा अन्य उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ प्रवीण कुमार, पीडी डीआरडीए श्री प्रणय कृष्ण, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कोमल, आर.एम. रोडवेज योगेंद्र प्रताप सिंह, ए.आर.एम. जोगेंद्र सिंह सहित जनपद के विभिन्न विकासखंड क्षेत्रों से आई स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, मातृशक्ति एवं महिला मोर्चा की सम्मानित सदस्य उपस्थित रहीं।
