मनीष अग्रवाल
सहारनपुर। धनतेरस पर्व के मद्देनजर सर्राफा बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सहारनपुर पुलिस अलर्ट हो गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन के निर्देशन में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सर्राफा बाजार पहुंचकर ज्वैलर्स और व्यापारियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस ने व्यापारियों से दुकानों पर अनावश्यक रूप से अधिक नकदी एकत्रित न करने और समय-समय पर नकदी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की अपील की। साथ ही नकदी ले जाने के दौरान जरूरत पड़ने पर पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। व्यापारियों को संबंधित थाने के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराए गए।
इसके अलावा दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को चालू रखने और उनकी रिकॉर्डिंग नियमित रूप से जांचने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि धनतेरस और आगामी त्योहारों के दौरान बाजारों में गश्त एवं सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाएगी। संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।
