मुख्य सचिव के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधिमंडल एथेंस (ग्रीस) के डिफेंस एग्जीबिशन में हुआ शामिल

– ग्रीस में आयोजित डिफेंस एग्जीबिशन से निवेश की नई राहें खुलेंगी- मुख्य सचिव और राजदूत ने किया इंडिया पैवेलियन का उद्घाटन

लखनऊ, 7 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में ग्रीस के एथेंस में आयोजित प्रतिष्ठित डिफेंस एग्जीबिशन में यूपी डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रतिभाग किया। यहां लगे इंडिया पैवेलियन का उद्घाटन मुख्य सचिव और ग्रीस में राजदूत रुद्रेंद्र टंडन ने किया।

मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से बुधवार को दी गयी जानकारी में बताया गया कि यह डिफेंस एग्जीबिशन 6 मई को शुरू हुई थी। जिसमें मुख्य सचिव ने ग्रीस सरकार और आर्मेनिया सरकार के प्रतिनिधियों के साथ कई गोलमेज सम्मेलनों की अध्यक्षता की। दोनों देशों ने भारतीय कंपनियों के साथ मिलकर भारत में निवेश करने में गहरी रुचि दिखाई है, जिसमें भागीदारी और विकास के संभावित अवसरों पर प्रकाश डाला गया है।

8 मई को समाप्त होने वाली इस प्रदर्शनी में 35 देशों की भागीदारी है। प्रदर्शनी में अत्याधुनिक रक्षा प्रौद्योगिकी को प्रदर्शित करने वाले कई कार्यक्रम और विभिन्न स्टॉल का दौरा शामिल है। प्रदर्शनी में यूपी डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर प्रतिनिधिमंडल की उपस्थिति रक्षा औद्योगिक विकास के लिए नए रास्ते तलाशने और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने के लिए राज्य की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। इस पहल से रक्षा क्षेत्र में नए निवेश, तकनीकी प्रगति और रणनीतिक साझेदारी का मार्ग प्रशस्त होने की उम्मीद है, जिससे भारत के रक्षा औद्योगिक परिदृश्य में एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में उत्तर प्रदेश की स्थिति और मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights