up-yoga-awareness-campaign

औरैया, 19 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत नौवें राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस पर बीबीएस स्मृति विद्यापीठ, जालौन रोड औरैया में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। योग वैलनेस सेंटर राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय और आईएनओ संस्था नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की थीम ‘योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा द्वारा नशामुक्त भारत’ रही।

कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्र ने विद्यालय के करीब 2000 छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय परिवार को योग, प्राकृतिक चिकित्सा और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा को अपनाने और नियमित योगाभ्यास करने से शरीर को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है। नशे से दूर रहकर ही स्वस्थ समाज और नशामुक्त भारत की संकल्पना को साकार किया जा सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन का महत्व समझाते हुए कहा कि अंतिम सांस तक स्वास्थ्य की रक्षा करना प्रत्येक व्यक्ति का लक्ष्य होना चाहिए। जीवन में धन और वैभव तभी सार्थक हैं, जब व्यक्ति स्वस्थ हो। इसके लिए संयमित जीवनशैली, नियमित योगाभ्यास और सकारात्मक सोच जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को राग-द्वेष और आपसी तनातनी से दूर रहकर प्रसन्नचित्त जीवन जीने के सूत्र भी बताए।

योग वैलनेस सेंटर की गतिविधियों के क्रम में आयोजित कार्यक्रम जिलाधिकारी बृजेश कुमार के मार्गदर्शन तथा जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. निधि शुक्ला, राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय की प्रभारी डॉ. परवीन के मार्गदर्शन एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक आयुष गौरव पांडे के संज्ञान में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यापीठ की प्रधानाचार्या श्रीमती रमणीक कौर सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। अंत में वरिष्ठ योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्र ने छात्र-छात्राओं को संयमित जीवनशैली अपनाने और नशे से सदैव दूर रहने की सलाह दी।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights