uk-congress-infighting-

देहरादून, 18 नवंबर । भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल ने लोहाघाट में कांग्रेस की जनसभा को लेकर बुधवार काे पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की जनसभा में चुनावी तैयारी के बजाय टिकट के दावेदारों के बीच खींचतान देखने को मिली। इससे कांग्रेस के बदलाव और सत्ता परिवर्तन के दावे कमजोर पड़ते नजर आ रहे हैं।

बिशन चुफाल ने कहा कि जिस जनसभा को भाजपा सरकार के खिलाफ शक्ति प्रदर्शन के रूप में पेश किया जा रहा था, वह कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी का मंच बन गई। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की जनसभा में अनुपस्थिति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी अपने नेताओं को एकजुट रखने में भी नाकाम साबित हो रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में टिकट के तीन दावेदारों के बीच चल रही खींचतान खुलकर सामने आई। विधायक खुशाल सिंह अधिकारी और जिलाध्यक्ष मुन्ना ढेक के बीच मंच पर स्थान को लेकर विवाद हुआ। कार्यक्रम के बाद विधायक के खिलाफ नारेबाजी और दोनों नेताओं के बीच तीखी गहमागहमी भी हुई। चुफाल के अनुसार, हालात ऐसे बने कि प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा को भी नाराजगी जतानी पड़ी।

भाजपा विधायक ने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और पलायन जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरते हैं, लेकिन अपनी पार्टी की अंदरूनी कलह पर जवाब देने से बचते हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की अलग राजनीतिक गतिविधियों और प्रदेश अध्यक्ष की अनुपस्थिति का भी उल्लेख किया।

चुफाल ने धारचूला विधायक हरीश धामी से जुड़े जौलजीबी मेले के विवाद पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐतिहासिक मेले के दौरान माइक को लेकर हुए विवाद में मंच पर हंगामा और सरकारी कर्मचारियों के साथ अभद्रता की गई। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक आयोजनों की मर्यादा बनाए रखना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।

उन्होंने दावा किया कि जौलजीबी प्रकरण में हरीश धामी समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई और चार आरोपित गिरफ्तार किए गए। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।

चुफाल ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की प्राथमिकता जनसेवा के बजाय टिकट और सत्ता हासिल करना बन गई है। उन्होंने सवाल किया कि जो पार्टी अपना संगठन और आपसी मतभेद नहीं संभाल पा रही, वह प्रदेश की जिम्मेदारी कैसे संभालेगी।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights