उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने यूपी टीईटी-2026 के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। तकनीकी समस्याओं और अभ्यर्थियों की मांग को देखते हुए आयोग ने यह निर्णय लिया है। अब इच्छुक अभ्यर्थी 3 मई तक आवेदन पत्र भर सकेंगे। आयोग की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार आवेदन की नई अंतिम तिथि 3 मई निर्धारित की गई है, जबकि पहले यह 1 मई थी। वहीं संशोधन एवं शुल्क समाधान की अंतिम तिथि 8 मई तक बढ़ा दी गई है। प्रस्तावित परीक्षा तिथि 2, 3 और 4 जुलाई निर्धारित की गई है।

शनिवार शाम तक के आंकड़ों के अनुसार कुल ऑनलाइन पंजीकरण 14,58,104, वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) 12,80,845 तथा नए आवेदन 1,04,196 दर्ज किए गए हैं। उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि कई अभ्यर्थियों को ओटीआर प्रक्रिया और सर्वर संबंधी तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए आवेदन, शुल्क जमा करने और फॉर्म संशोधन की तिथियों में विस्तार किया गया है, ताकि कोई भी पात्र अभ्यर्थी इस अवसर से वंचित न रहे।

उन्होंने बताया कि आयोग ने प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) और उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) के लिए 20 मार्च को विज्ञापन जारी किया था। आवेदन प्रक्रिया 27 मार्च से निरंतर जारी है। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए समय रहते अपना पंजीकरण और शुल्क भुगतान सुनिश्चित कर लें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights