प्रयागराज, 10 जून । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष सेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित रहे हैं। यह बात बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफलतम 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नंदी ने कही।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक उपलब्धि नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के विश्वास, आकांक्षाओं और विकसित भारत के संकल्प की गौरवगाथा है। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में देश ने आधारभूत संरचना, डिजिटल सशक्तीकरण, महिला उत्थान, किसान कल्याण, स्वास्थ्य, कौशल विकास और सुशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफलतम 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने मुट्ठीगंज स्थित भोलेगिरी मंदिर में आयोजित पूजन-अर्चन एवं भजन-कीर्तन कार्यक्रम में सहभागिता की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सफल नेतृत्व की कामना करते हुए राष्ट्र की उन्नति, समृद्धि और विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए प्रार्थना की।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री नन्दी ने भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के साथ मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया तथा प्रसाद वितरण भी किया। इसके पश्चात उन्होंने प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के मुट्ठीगंज मंडल अंतर्गत गाजीगंज मंडी, खटाई मंडी और राजाबारा का हाता क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया।
जनसंपर्क के दौरान मंत्री नन्दी ने स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों के प्रतिष्ठानों और आवासों पर पहुंचकर मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकसित भारत के संकल्प पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जहां कभी लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ता था, आज वहां पक्के मकान, नल से जल, बेहतर सड़कें, डिजिटल सेवाएं और विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। यह बदलाव करोड़ों परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में विकसित भारत के निर्माण का संकल्प और अधिक गति से आगे बढ़ेगा। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक ज्ञानेश्वर शुक्ला, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, महानगर उपाध्यक्ष अनिल केसरवानी, मुट्ठीगंज मंडल अध्यक्ष परमानन्द वर्मा, किशोरी लाल जायसवाल, सुमित वैश्य, गया प्रसाद निषाद, रणविजय सिंह, रजत दूबे, दिलीप केसरवानी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
